प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 22 एवं 23 सितंबर 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय सभागार रुद्रप्रयाग में किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इस अवसर पर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रशिक्षण में उपस्थित सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना कार्य से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं को गंभीरता एवं विस्तार से समझने तथा प्रशिक्षण का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य की प्रक्रिया दायित्वों एवं विभिन्न तकनीकी पहलुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है। जनगणना निदेशालय से संयुक्त निदेशक संजीव कुमार तथा मास्टर ट्रेनर नितीश रावत एवं गौरव पुरोहित द्वारा अधिकारियों एवं कार्मिकों को जनगणना 2027 के द्वितीय चरण से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपादित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
