Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस द्वारा अपराध एवं वांछित आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रानीपुर पुलिस ने नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया है। 26 अगस्त 2026 को शक्तिनगर कॉलोनी सुल्तानपुर मजरी रानीपुर निवासी वादिया ने कोतवाली रानीपुर में सूचना दी थी कि उनकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को उसका जीजा कलीम पुत्र इरशाद निवासी रामपुर डांडी रुड़की हरिद्वार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल संबंधित प्रकरण में अभियोग पंजीकृत किया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर नाबालिग बालिका की तलाश एवं नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए गए। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अध्ययन किया तथा सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप 21 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी कलीम पुत्र इरशाद उम्र 25 वर्ष निवासी रामपुर डांडी रुड़की हरिद्वार को नहर पटरी ज्वालापुर से हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नाबालिग बालिका को 25 अगस्त 2026 को अपने साथ शिमला ले गया था। परिजनों द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी होने पर वह बालिका को लेकर वापस आ रहा था। पुलिस द्वारा बालिका के बयान दर्ज कराने एवं नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण की कार्रवाई के बाद प्रकरण में संबंधित कानूनी प्रावधानों को शामिल करते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी कलीम पुत्र इरशाद निवासी रामपुर डांडी रुड़की हरिद्वार है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भण्डारी उप निरीक्षक सन्दीपा भण्डारी उप निरीक्षक पूजा पाण्डेय कांस्टेबल विवेक गुसाईं और कांस्टेबल प्रेम सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *