प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के क्रम में जनपद पुलिस द्वारा आमजन एवं छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 सितंबर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज नगरासू में रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए वर्तमान समय में सामने आ रही विभिन्न सामाजिक एवं साइबर अपराध संबंधी चुनौतियों के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार हेड कांस्टेबल अनूप लिंगवाल एवं चौकी घोलतीर के कांस्टेबल रविन्द्र सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
*नशे के विरुद्ध किया जागरूक*
पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं भविष्य को प्रभावित करता है बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री के संबंध में जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
*साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी*
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी एटीएम डेबिट या क्रेडिट कार्ड की जानकारी बैंक खाते से संबंधित विवरण यूपीआई पिन पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने संदिग्ध एप डाउनलोड करने तथा लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर एवं फर्जी कॉल से सावधान रहने के लिए भी जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल संबंधित माध्यमों से पुलिस को सूचना देने और समय रहते शिकायत करने के महत्व के बारे में बताया गया।
*महिला सुरक्षा एवं हेल्पलाइन की दी जानकारी*
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों एवं सहायता के लिए उपलब्ध महिला हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई। छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी उत्पीड़न अथवा असुरक्षा महसूस होने पर बिना झिझक पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क किया जा सकता है और अपनी समस्या बेझिझक पुलिस के समक्ष रखी जा सकती है।
*उत्तराखण्ड पुलिस एप की सेवाओं के बारे में बताया*
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को उत्तराखण्ड पुलिस एप के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। पुलिस टीम ने एप के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न पुलिस सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में बताया तथा आवश्यकता पड़ने पर डिजिटल माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे साइबर अपराध एवं अन्य सामाजिक अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने लोगों से अपील की कि नशे से दूर रहें साइबर अपराधों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस की सहायता लेने में संकोच न करें।
