Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार ने जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने नशा तस्करों की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने तथा नशे की बिक्री आपूर्ति परिवहन और वितरण से जुड़ी प्रत्येक कड़ी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा सतर्कता बढ़ाते हुए सघन चेकिंग और निगरानी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 सितंबर 2026 को कोतवाली कोटद्वार पुलिस टीम क्षेत्र में दैनिक चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मानपुर क्षेत्र स्थित एक दुकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान संचालक जानकी प्रसाद निवासी मानपुर कोटद्वार को 424 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। चरस बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जानकी प्रसाद पूर्व में भी वर्ष 2013 में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास के साथ ही नशा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की भी गहन जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जानकी प्रसाद उम्र 66 वर्ष पुत्र रामचंद्र निवासी मानपुर कोटद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दुकान की आड़ में नशा तस्करी का धंधा चला रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *