प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार निवासी वादिनी द्वारा कोतवाली कोटद्वार में प्रार्थना पत्र देकर अपनी नाबालिग बालिका के साथ एक युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने एवं बालिका के गर्भवती होने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कोटद्वार में भारतीय न्याय संहिता पॉक्सो अधिनियम एवं एससी/एसटी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। नाबालिग से संबंधित इस गंभीर प्रकरण को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा गंभीरता से लेते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्देशों के क्रम में पुलिस ने तत्काल विवेचना प्रारंभ करते हुए घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच की तथा उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन किया। विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में नामजद अभियुक्त गौरव द्वारा दुष्कर्म करने की पुष्टि होने पर पुलिस ने 23 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त गौरव पुत्र धर्मपाल उम्र 19 वर्ष निवासी गंज थाना ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद।
