Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने आपदा से क्षतिग्रस्त विभिन्न विभागीय परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने ब्लॉक तहसील और विभागीय स्तर से प्राप्त पुनर्निर्माण प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को यह निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा में क्षतिग्रस्त हुई संपत्तियों के पुनर्निर्माण से संबंधित प्रस्तावों की प्राथमिकता तय की जाए। उन्होंने स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड एसडीआरएफ के मानकों के अनुरूप पाए गए आगणनों के लिए तत्काल बजट जारी करने और पुनर्निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के आदेश दिए। बैठक के दौरान कुछ विभागीय प्रस्तावों में कमियां मिलने और एसडीआरएफ के मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारियों बीडीओ को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर आगणनों की दोबारा जांच करें और संशोधित प्रस्ताव जल्द से जल्द प्रस्तुत करें ताकि धनराशि जारी की जा सके। जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी कि संबंधित विभागों के अधिकारी इस आशय का प्रमाणपत्र भी प्रस्ताव के साथ संलग्न करेंगे कि प्रस्तुत किए गए सभी आंकड़े पूरी तरह निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं। उन्होंने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के.मिश्रा अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल उपजिलाधिकारी रविंद्र ज्वांठा सहित लोक निर्माण विभाग सिंचाई लघु सिंचाई पेयजल विद्युत विभाग और अन्य कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *