प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खेल महाकुंभ 2026-27 के तहत आयोजित मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले खेले गए। हरिद्वार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 वर्ग में पिथौरागढ़ को 9-0 से तथा अंडर-14 वर्ग में पिथौरागढ़ को 12-0 से हराकर दमदार प्रदर्शन किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी हरिद्वार मुकेश भट्ट ने बताया कि अंडर-19 वर्ग के अन्य मुकाबलों में ऊधमसिंह नगर को चंपावत ने 2-0 से हराया। सेमीफाइनल मुकाबले में हरिद्वार ने चंपावत को 3-0 से तथा टिहरी ने पौड़ी गढ़वाल को 3-0 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। अंडर-14 वर्ग के हाईलैंड मैच में देहरादून ने पिथौरागढ़ को 4-1 से हराया। वहीं ओपन वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में हरिद्वार ने नैनीताल को 5-0 से शिकस्त दी। ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ के बीच खेले गए मुकाबले में पिथौरागढ़ ने 2-1 से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी रविन्द्र भंडारी युवा कल्याण विभाग एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षक निर्णायक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
