Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क पर वाहन चलाना केवल सुविधा और आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि यातायात नियमों के पालन और सड़क पर अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी विषय है। इसी जिम्मेदारी को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चमोली पुलिस द्वारा जनपदभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के साथ ही निजी वाहनों पर अनावश्यक रूप से नाम पदनाम एवं अन्य पहचान दर्शाने वाली पट्टिकाएं लगाकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। उच्च न्यायालय उत्तराखंड नैनीताल से निर्गत निर्देशों एवं पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में 23 सितंबर 2026 को जनपद के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों के साथ-साथ अंतरजनपदीय बैरियरों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा सड़क पर गुजरने वाले वाहनों को रोककर वाहनों पर प्रदर्शित पहचान संबंधी चिन्हों की बारीकी से जांच की गई। चेकिंग के दौरान कुछ निजी वाहन स्वामियों द्वारा अपने वाहनों पर अनावश्यक रूप से नाम-पदनाम पट्टिकाएं एवं अन्य पहचान दर्शाने वाले चिन्ह लगाए गए थे। ऐसे वाहनों के खिलाफ चमोली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 20 निजी वाहनों से अनधिकृत और अनावश्यक पदनाम पट्टिकाएं हटवाईं। संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस द्वारा वाहन स्वामियों को स्पष्ट रूप से समझाया गया कि निजी वाहन को किसी पद प्रतिष्ठा अथवा प्रभाव का प्रदर्शन करने का माध्यम न बनाया जाए। सड़क पर सभी वाहन चालक समान रूप से यातायात नियमों के दायरे में आते हैं और नियमों का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। वाहन पर अनावश्यक नाम या पदनाम प्रदर्शित कर सड़क पर विशेष अधिकार या प्रभाव का संकेत देना न केवल नियमों की भावना के विपरीत है बल्कि आम वाहन चालकों के बीच गलत संदेश भी देता है। चमोली पुलिस ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि निजी वाहन पर अनावश्यक नाम-पदनाम लिखकर प्रभाव जमाने के बजाय यातायात नियमों का पालन करें। अपने निजी वाहनों पर किसी भी प्रकार की अनावश्यक नाम-पदनाम पट्टिका अथवा पहचान दर्शाने वाले चिन्ह न लगाएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *