प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर माउंटेन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी स्टडीज सीएमटीएचएस के पर्यटन विभाग की ओर से विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पिछले तीन दशकों से निरंतर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विभाग की ओर से 25 से 27 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय पर्यटन उत्सव टूरो फेस्ट 26 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रथम दिन 25 सितंबर 2026 को पर्यटन एवं व्यापार प्रबंधन की संकायाध्यक्ष प्रोफेसर रश्मि ढोडी के निर्देशन में राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी में पर्यटन के समकालीन विषयों नवाचार तकनीकी विकास तथा सतत एवं उत्तरदायी पर्यटन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों और प्रतिभागियों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के दूसरे दिन 26 सितंबर 2026 को विभिन्न रचनात्मक एवं कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें रंगोली फेस पेंटिंग पोस्टर मेकिंग आर्ट एंड क्राफ्ट बुके मेकिंग तथा फूड फेस्ट प्रमुख हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता प्रतिभा और पर्यटन से जुड़े कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन 27 सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय के स्वामी मन्मथन ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा। इस अवसर पर नृत्य गायन कविता पाठ शायरी और मॉडलिंग सहित विभिन्न प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। समापन समारोह की विशिष्ट अतिथि देश के पहले लेखक गांव की निदेशक एवं युवा समाजसेविका विदुषी निशंक होंगी। कार्यक्रम के दौरान सीएमटीएचएस विभाग की ओर से सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों संगठनों और संस्थाओं को प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला सैर सलीका पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार विभाग की सामाजिक सहभागिता और जिम्मेदार पर्यटन को प्रोत्साहित करने की अभिनव पहल का हिस्सा है। इस अवसर पर विभाग की ओर से प्रकाशित पुस्तक ‘ए फील्ड गाइड टू कम्युनिटी पार्टिसिपेशन इन टूरिज्म’ का विमोचन भी किया जाएगा। इसके साथ ही विभाग की ओर से प्रकाशित इंटरनेशनल जर्नल ऑफ टूरिज्म तथा हिमालयन टूरिज्म मैगजीन के नवीन अंकों का भी विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम में सीएमटीएचएस से शिक्षा प्राप्त दो विशिष्ट विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिनका चयन विश्वविख्यात ट्रैवल एवं टूर ऑपरेशन कंपनी सिटा में हुआ है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को विभाग के लिए गौरव का विषय बताया गया है। विभाग के अनुसार विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं सामाजिक सहभागिता रचनात्मकता उद्यमिता और सतत पर्यटन के विभिन्न आयामों से परिचित कराना है। इन आयोजनों के माध्यम से विश्वविद्यालय स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यार्थियों के बीच पर्यटन के प्रति जागरूकता और रुचि विकसित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीप्रकाश सिंह का प्रोत्साहन और सहयोग प्राप्त हो रहा है। तीन दिवसीय पर्यटन उत्सव के आयोजन में केंद्र के निदेशक प्रोफेसर राकेश कुमार ढोडी के निर्देशन में विद्यार्थियों शिक्षकों पर्यटन विशेषज्ञों और समाज के विभिन्न वर्गों को एक साझा मंच प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन पर्यटन के क्षेत्र में ज्ञान रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
