प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। बहादराबाद पुलिस ने शादी के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने वाली महिला और उसके साथियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले में किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी इसी तरह की ठगी किए जाने के एंगल से पड़ताल कर रही है। सभी को हिरासत में लेकर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। 24 सितंबर 2026 को प्रवेश पुरी निवासी ग्राम दौलतपुर हरिद्वार ने पुलिस को तहरीर दी कि उनके भाई योगेश पुरी के साथ विवाह करने वाली महिला ने पति को विश्वास में लेकर उसे नशीला पदार्थ खिलाया और मौका पाकर घर से नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में बहादराबाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपिता और उसके साथियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपितों के कब्जे से संबंधित सामान बरामद किया गया तथा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को सीज किया गया। पुलिस मामले में यह भी पड़ताल कर रही है कि आरोपितों द्वारा किसी अन्य व्यक्ति के साथ इसी तरह की ठगी तो नहीं की गई है। कोतवाली बहादराबाद पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपितों में 21 वर्षीय महिला निवासी मिर्जापुर उत्तर प्रदेश अब्दुल बारी पुत्र जुल्फकार निवासी मिर्जापुर उत्तर प्रदेश शामली उत्तर प्रदेश निवासी एक महिला पुनीत कुमार पुत्र मुकेश कुमार निवासी शामली उत्तर प्रदेश और फतेह सिंह मीना पुत्र हरि किशन निवासी भरतपुर राजस्थान शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन 70 हजार रुपये नकद और नशीला पाउडर बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज किया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल उपनिरीक्षक शमशेर अली उपनिरीक्षक कर्म सिंह हेड कांस्टेबल नरविन्दर सिंह और कांस्टेबल सुनील तोमर शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शादी-विवाह से पहले एक-दूसरे का भली प्रकार परिचय और आवश्यक सत्यापन जरूर करें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
