प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों थाना प्रभारियों चौकी प्रभारियों एवं विवेचना अधिकारियों को अज्ञात शवों की शिनाख्त के संबंध में सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अज्ञात शवों की शीघ्र शिनाख्त सुनिश्चित की जाए और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने अज्ञात शवों की शीघ्र और वैज्ञानिक तरीकों से पहचान के लिए डीएनए प्रोफाइलिंग तथा डिजिटल पोर्टल का उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध वैज्ञानिक एवं तकनीकी संसाधनों का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करते हुए अज्ञात शवों की पहचान की कार्रवाई में तेजी लाई जाए। उन्होंने नेफिश शाखा के माध्यम से फिंगरप्रिंट फोटो हुलिया एवं अन्य पहचान संबंधी विवरणों का मिलान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिपनेट एवं नेटग्रिड पोर्टल की सहायता से अज्ञात शवों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा गया। एसएसपी श्वेता चौबे ने आसपास के जनपदों एवं अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर अज्ञात शवों की शिनाख्त की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त पहचान संबंधी सूचनाओं का आपस में मिलान करते हुए शिनाख्त की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को अज्ञात शवों से संबंधित मामलों में गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा उपलब्ध तकनीकी एवं वैज्ञानिक संसाधनों का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
