Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत आयोजित मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय हॉकी खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन विभिन्न वर्गों के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में हरिद्वार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका वर्ग के साथ ही ओपन वर्ग में भी जीत दर्ज की। बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में अंडर-19 हरिद्वार ने टिहरी को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 हाईलैंड बालिका वर्ग में पौड़ी ने चम्पावत को 4-2 से पराजित किया। अंडर-14 वर्ग में हरिद्वार ने नैनीताल को 4-1 से हराकर जीत दर्ज की। ओपन वर्ग अंडर-25 के फाइनल मुकाबले में हरिद्वार ने पिथौरागढ़ को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराकर खिताब जीता। वहीं हाईलैंड मुकाबले में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के बीच मुकाबला हुआ जिसमें ऊधमसिंह नगर ने 5-0 से जीत दर्ज की। बालक वर्ग में अंडर-14 के मुकाबलों में अल्मोड़ा ने पौड़ी को 4-0, पिथौरागढ़ ने टिहरी को 2-0 से पराजित किया। वहीं अंडर-19 वर्ग में रुद्रप्रयाग ने पौड़ी को 8-0 से हराया। प्रतियोगिता के दौरान विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ.कल्पना सैनी अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी मनीषा चौहान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद्र जिला क्रीड़ाधिकारी रविंद्र भंडारी सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *