प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को डाम कोठी में जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने अतिक्रमण हटाने सीवर पेयजल एवं गैस पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों को दुरुस्त करने तथा शहर में विद्युत पोल पर लगे केबल तारों को हटाने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जनपद की सभी प्रमुख एवं संपर्क सड़क मार्गों को अभियान चलाकर शीघ्र गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए। साथ ही कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौराहों बाजारों और अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को नगर निगम पुलिस एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सड़कों एवं फुटपाथों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ आम नागरिकों और पैदल चलने वालों के लिए हैं इसलिए उन पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी केबल ऑपरेटरों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अव्यवस्थित झूलते एवं अनुपयोगी केबल तारों को तत्काल हटाया जाए तथा सभी तारों को निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थित किया जाए। इससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के साथ शहर की सुंदरता भी बनी रहेगी। जिलाधिकारी ने सीवरेज कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि जहां-जहां सीवर लाइन डालने अथवा मरम्मत कार्य के कारण सड़कें खोदी गई हैं वहां कार्य शीघ्र पूरा कर सड़कों को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति बाधित होने या रिसाव की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत के झूलते तारों को दुरुस्त करने तथा ट्रांसफार्मर पर उगी झाड़ियों की कटाई कर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि चौराहों एवं सड़क किनारे किसी रेहड़ी ठेली या फड़ को अवैध विद्युत कनेक्शन उपलब्ध न कराया जाए। यदि किसी को अवैध कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं तो उनका निरीक्षण कर उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी तथा प्रगति की समीक्षा भी समय-समय पर की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी परियोजना प्रबंधक नमामि गंगे मीनाक्षी मित्तल लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश मेहरा जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान केबल ऑपरेटरों तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
