प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। नवनिर्मित कोतवाली गैरसैंण परिसर स्थित बाबा भोलेनाथ मंदिर में शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना धार्मिक अनुष्ठान और हवन किया गया। एसपी चमोली सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक हवन में आहुतियां अर्पित कर जनपद में सुख-शांति आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की। इस अवसर पर आमंत्रित स्थानीय महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर वातावरण को भक्तिमय बनाया। पुलिस की ओर से स्थानीय नागरिकों और शिवभक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। एसपी चमोली ने स्वयं श्रद्धालुओं को भोजन परोसा। उन्होंने कहा कि थाना परिसर में मंदिर की स्थापना से पुलिसकर्मियों को सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक संबल मिलेगा जिससे उनका मनोबल भी बढ़ेगा। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इसके बाद एसपी चमोली ने कोतवाली गैरसैंण के नवनिर्मित भवन और परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कोतवाली कार्यालय भोजनालय सहित परिसर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और कार्यस्थलों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए उन्होंने व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वर्तमान में संचालित चेकिंग अभियानों को और प्रभावी बनाने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव और महिला सुरक्षा के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। एसपी ने कोतवाली परिसर में वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न पहलुओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरे करने और कार्यों के दौरान आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी चमोली ने फायर सर्विस के निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण में पाई गई कमियों और आवश्यक सुधार के बिंदुओं के संबंध में संबंधित कार्यदायी संस्था को जानकारी देते हुए कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस भवन और परिसर के निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। इसके पश्चात एसपी चमोली भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन पहुंचे। उन्होंने आगामी राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विधानसभा परिसर में आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रैतिक परेड के कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही कार्यदायी संस्था से विधानसभा परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। एसपी ने विधानसभा भवन का निरीक्षण कर भवन के विभिन्न हिस्सों और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही पुलिस लाइन भराड़ीसैंण में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन भवनों और परिसर में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट गैरसैंण गुंजन सिसोदिया पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा अध्यक्ष आदिबद्री मंदिर समिति जेपी बहुगुणा प्रभारी निरीक्षक गैरसैंण मनोज सिरोला होटल व्यवसायी रवि चौहान सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
