प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय हरिद्वार की ओर से हिंदी माह के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 3 ज्वालापुर हरिद्वार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा। मंडल प्रमुख रंजन प्रकाश ने कहा कि कार्यक्रम आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। मंडल कार्यालय के अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को पुरस्कार एवं उपहार प्रदान किए गए। वहीं अन्य सभी प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप उपहार दिए गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने बैंक प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय हरिद्वार की ओर से आयोजित ऐसे कार्यक्रम बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। यह आयोजन पंजाब नेशनल बैंक की ओर से हिंदी माह के दौरान सामाजिक जिम्मेदारी एवं शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की दिशा में एक प्रयास रहा।
