प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत भगवानपुर विकासखंड सभागार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने की। शिविर में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल सड़क बिजली पेंशन राशन राजस्व कृषि समाज कल्याण मनरेगा जॉब कार्ड स्थायी जाति आय एवं चरित्र प्रमाण पत्र वृद्धावस्था पेंशन विधवा पेंशन दिव्यांग पेंशन और अतिक्रमण सहित विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। आयोजित शिविर में कुल 621 लोगों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 12 आवेदन प्राप्त हुए जबकि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 513 लोगों को लाभान्वित कराया गया। ग्रामीणों की ओर से कुल 39 शिकायतें दर्ज कराई गईं जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में करीब 23 विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने पात्र लोगों से मौके पर आवेदन भी प्राप्त किए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका निस्तारण कराया जाएगा। शिविर में प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा भाजपा मास्टर सतपाल मंडल अध्यक्ष भाजपा विराट अश्वनी कुमार कंबोज पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा जगदीश प्रसाद सैनी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
