प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने विकासखंड जयहरीखाल रिखणीखाल और नैनीडांडा के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी कक्ष लेबर रूम आपातकालीन सेवाओं और निर्माण कार्यों का जायजा लेने के साथ ही रिखणीखाल स्थित बीपीएचयू का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता साफ-सफाई आपातकालीन एवं प्रसव सेवाओं तथा आवश्यक औषधियों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने तथा समस्त स्टाफ को समय पर चिकित्सालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय में उपयोग होने वाले सर्जरी उपकरणों को प्रत्येक दिन स्टेरलाइज करने के निर्देश भी दिए। सीएमओ ने जिलाधिकारी गढ़वाल के निर्देशों के क्रम में पीएचसी धुमाकोट में हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मरम्मत संबंधी कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित और बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने तथा जरूरतमंद मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रसव केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी रखने के साथ संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए भी कहा। सीएमओ ने एचपीवी वैक्सीनेशन पर जोर देते हुए शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। सभी एएनएम को परिवार नियोजन सेवाओं को लेकर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया। रिखणीखाल में उन्होंने एक प्रसूता से चिकित्सालय में प्रदान की जा रही सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया। प्रसूता ने चिकित्सालय में मिल रही सेवाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने औषधि भंडार का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा डेंगू मलेरिया वायरल फीवर एवं अन्य मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं प्रभावी रहें ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण सुगम और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सौरभ बौंठियाल जिला कंसलटेंट एनसीडी स्वेता गुसाई कनिष्ठ अभियंता आयुष कनिष्ठ सहायक अंकित भट्ट विकास नेगी आदि मौजूद रहे।
