प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री बद्रीनाथ धाम दर्शन के लिए अपने परिजनों के साथ पहुंचीं बिहार निवासी सुनैना देवी पत्नी कृष्णा राय निवासी समस्तीपुर धमून पटना बिहार दर्शन के दौरान अचानक अपने परिजनों से बिछड़ गईं। परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों ने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन करने के साथ आवश्यक जानकारी जुटाई और महिला को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद महिला को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। काफी देर बाद परिजन महिला को सकुशल पाकर राहत महसूस करते हुए खुश नजर आए। परिजनों ने चमोली पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं एक अन्य मामले में उत्तर प्रदेश से श्री बद्रीनाथ धाम दर्शन के लिए आए श्रद्धालु का मोबाइल फोन कहीं खो गया। काफी तलाश करने के बाद मोबाइल नहीं मिलने पर श्रद्धालु ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल चंदन नगरकोटी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मी के प्रयासों से कुछ ही समय में खोया हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया और उसे सकुशल संबंधित श्रद्धालु के सुपुर्द किया गया। मोबाइल वापस मिलने पर श्रद्धालु के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने चमोली पुलिस की तत्परता एवं सहयोग के लिए पुलिस का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया।
