प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। 4 अक्टूबर 2026 की सुबह कोतवाली कोटद्वार क्षेत्र के घमण्डपुर स्थित जिगर गार्डन के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यूके07 एजेड 4266 फोर्ड कार के चालक अभिषेक रावत द्वारा वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए सड़क पर जा रहे दो बालकों को टक्कर मार दी गई। दुर्घटना में 10 वर्षीय बालक वंश पुत्र संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं 12 वर्षीय दूसरा बालक लक्ष्य पुत्र प्रदीप कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुआ जिसे उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चालक अभिषेक रावत को गिरफ्तार कर लिया तथा दुर्घटना में प्रयुक्त फोर्ड कार को कब्जे में ले लिया। मामले में मृतक और घायल बालक के दादा मनोहर चौहान निवासी दुर्गापुरी कोटद्वार की लिखित शिकायत पर कोतवाली कोटद्वार में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक रावत उम्र 19 वर्ष पुत्र अर्जुन सिंह निवासी सत्संग भवन के पास बेलाडाट पदमपुर कोटद्वार के रूप में हुई है।
