Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम अंकतालिका उपाधि प्रारूप विश्वविद्यालयीय मोहरों और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूर्व में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने तीसरे आरोपी मनजीत सिंह को बसंत विहार साउथ दिल्ली से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी बीबीए अंकतालिका और डिग्री के आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था। 25 मार्च 2026 को एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि कासिफ कलीम और अन्य व्यक्तियों द्वारा विश्वविद्यालय के नाम अंकतालिकाओं उपाधि प्रारूपों विश्वविद्यालयीय मोहरों और संबंधित अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षरों का कूटरचित एवं अवैध रूप से निर्माण कर उन्हें वास्तविक और प्रमाणिक अभिलेखों के रूप में विभिन्न स्थानों पर प्रयोग किया गया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नामजद आरोपियों और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की शीघ्र पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मामले में पूर्व में नामजद आरोपी कासिफ कलीम और प्रकाश में आए एक अन्य आरोपी देवांश पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद मामले में संलिप्त अन्य संभावित आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका के संबंध में लगातार सुरागरसी पतारसी एवं सूचना संकलन की कार्रवाई की जा रही थी। गहन विवेचना और लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस के सामने आया कि एक अन्य आरोपी मनजीत सिंह ने भी गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी बीबीए अंकतालिका और डिग्री बनवाई थी। पुलिस के अनुसार वह इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने मनजीत सिंह को बसंत विहार साउथ दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मनजीत सिंह पुत्र सतवीर सिंह निवासी ग्राम संतोखपुरा थाना सदर तहसील चरखी दादरी जिला भिवानी हरियाणा उम्र 33 वर्ष है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *