Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस का साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी है। आई4सी गृह मंत्रालय भारत सरकार की पहल पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देशों तथा साइबर जागरूक उत्तराखंड–सुरक्षित डिजिटल उत्तराखंड थीम के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं शिक्षकगण ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कोतवाली चंबा क्षेत्र की चौकी कुमाल्डा पुलिस ने दून डिफेंस एकेडमी कुमाल्डा में छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। थाना घनसाली क्षेत्र की चौकी चमियाला के प्रभारी उपनिरीक्षक संजीत कुमार ने ग्राम सिल्यारा में जन-जागरूकता बैठक आयोजित की। बैठक में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को साइबर ठगी से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज डांगचौरा में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में लगभग 100 छात्र-छात्राओं और शिक्षकगणों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों द्वारा साइबर सुरक्षा से संबंधित पूछे गए सवालों का पुलिस अधिकारियों ने सरल और प्रभावी तरीके से जवाब दिया। कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज चाका में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें लगभग 100 छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण उपस्थित रहे। जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान पुलिस ने फर्जी कॉल मैसेज ई-मेल और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की। लोगों को किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी यूपीआई पिन सीवीवी एटीएम पिन और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा किसी भी वेबसाइट की सत्यता जांचने के बाद ही व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी दर्ज करने के लिए जागरूक किया गया। केवाईसी अपडेट बैंक खाता बंद होने अथवा बैंक अधिकारी बनकर किए जाने वाले फर्जी कॉल से सावधान रहने की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। बताया गया कि पुलिस सीबीआई या ईडी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के माध्यम से डराने और पैसे की मांग करने वाले साइबर अपराधियों से सावधान रहें। सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड रखने टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का प्रयोग करने और खातों की गोपनीयता बनाए रखने की जानकारी दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने अथवा साइबरक्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। टिहरी पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की है। पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *