Spread the love

प्रदीप कुमार
खानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली खानपुर पुलिस ने भगवान जटाशंकर महादेव मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई 3660 रुपये की नकदी, 315 बोर का तमंचा तीन जिंदा कारतूस एक खोखा कारतूस घटना में प्रयुक्त टाटा इंट्रा पिकअप वाहन और ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी का हरिद्वार के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी आपराधिक इतिहास है। उपचार के बाद आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। खानपुर क्षेत्र स्थित भगवान जटाशंकर महादेव मंदिर में 30 सितंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखे तीन दान पत्रों के ताले तोड़कर दान की रकम चोरी कर ली थी। मामले में मंदिर से जुड़े शंकर दास की ओर से कोतवाली खानपुर में शिकायत दी गई थी। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का लगातार अवलोकन किया। इसी क्रम में 3 और 4 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि खानपुर क्षेत्र में पुलिस टीम सघन चेकिंग कर रही थी। ग्राम सहीपुर तिराहे पर सिकंदरपुर की ओर से आ रहे टाटा इंट्रा पिकअप को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार वाहन चालक ने वाहन को तेजी से चलाकर पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया और गोवर्धनपुर-खानपुर मार्ग की ओर भाग गया। इसकी सूचना तत्काल जनपद में प्रसारित की गई। इसके बाद थाना क्षेत्र के ग्राम धर्मपुर में श्मशान घाट के पास पुलिस ने वाहन को घेर लिया। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया और वहां से पुलिस टीम पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे पकड़कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर भेजा जहां से उसे रुड़की भेजा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टाटा इंट्रा पिकअप की सीट के नीचे से जटाशंकर महादेव मंदिर से चोरी की गई कुल 3660 रुपये की रकम बरामद की गई। इसके अलावा ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र खलील निवासी टोडा जलालपुर उम्र 34 वर्ष कोतवाली सिविल लाइन रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में हरिद्वार जनपद के विभिन्न थानों के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस घटना में प्रयुक्त नीले रंग का टाटा इंट्रा पिकअप वाहन पंजीकरण यूके14सीए-5281 चोरी की 3660 रुपये की नकदी और ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पूर्व आपराधिक मामलों में फतेहपुर जनपद सहारनपुर लक्सर पुरकाजी पथरी और खानपुर थानों से जुड़े मामले शामिल हैं। इनमें चोरी हथियार रखने और अन्य आपराधिक घटनाओं से संबंधित मामले दर्ज रहे हैं। खानपुर कोतवाली में वर्ष 2026 के दो मामले भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गोविन्द कुमार वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय पूनिया उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर कमलकान्त रतूड़ी अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह बिष्ट कांस्टेबल 1010 दीपक भारती कांस्टेबल 834 अशोक कुमार कांस्टेबल 491 सुखविन्दर सिंह कांस्टेबल 440 नागरिक पुलिस महावीर सिंह, कांस्टेबल 216 सुमित सिंह तथा कांस्टेबल महिपाल सिंह सीआईयू रुड़की शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *