Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में 3 अक्टूबर 2026 की रात रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर स्थित पनीर निर्माण इकाई का निरीक्षण कर छापेमार कार्रवाई की गई। उपायुक्त गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में सहायक आयुक्त हरिद्वार महिमानंद जोशी वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व पवन कुमार तथा एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के सहयोग से उपलब्ध कराए गए पुलिस बल की टीम शामिल रही। छापेमार कार्रवाई के दौरान पनीर निर्माता आजाद पुत्र ईसाक को उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रतिबंधित एनालॉग पनीर का निर्माण संग्रह एवं विक्रय करते पाया गया। मौके पर पनीर निर्माण स्थल से लगभग दो टीनों में 20 किलो पामोलीन ऑयल तथा 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया। पूछताछ में पनीर निर्माता ने स्वयं स्वीकार किया कि वह पामोलीन ऑयल तथा स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर का निर्माण करता है और बाजार में इसे 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचता है। कार्रवाई के दौरान मौके पर लगभग दो क्विंटल सेमी प्रोसेस्ड पनीर तथा 20 किलो पामोलीन ऑयल को नष्ट कराया गया। वहीं स्किम्ड मिल्क पाउडर को जब्त कर लिया गया। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ एनालॉग पनीर के निर्माण के कारण पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है। पनीर निर्माता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौके से खुले पनीर खुले पामोलीन ऑयल तथा स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन विधिक नमूने लिए गए जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में एडीपीओ सत्यपाल सिंह कांस्टेबल सुधीर कुमार योगेन्द्र सिंह परीक्षित सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा एवं निर्मला शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *