Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में चमोली पुलिस की ओर से नशे के अवैध कारोबार एवं नशीले पदार्थों की खेती के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी चमोली चौकी देवाल समाज कल्याण विभाग विधिक सेवा प्राधिकरण एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने रामपुर तोक देवाल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 70 नाली भूमि पर की जा रही अवैध भांग की खेती को चिन्हित कर नष्ट किया। अभियान के दौरान टीम ने आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। स्थानीय ग्रामीणों को बताया गया कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है और ऐसा करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को भांग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे के खिलाफ पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने अपने आसपास उगी जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करने तथा क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रभारी एसओजी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला ने स्थानीय ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने साइबर ठगों की ओर से अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों जैसे फर्जी केवाईसी अपडेट बैंक या एटीएम बंद होने का झांसा ऑनलाइन निवेश एवं ट्रेडिंग फर्जी लोन नौकरी का झांसा डिजिटल अरेस्ट फर्जी कस्टमर केयर तथा संदिग्ध लिंक और क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाली ठगी के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी पिन सीवीवी बैंक खाता विवरण अथवा पासवर्ड साझा न करें। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। उन्होंने ग्रामीणों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार के बुजुर्गों महिलाओं एवं युवाओं को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस दौरान चौकी प्रभारी देवाल राकेश डिमरी कांस्टेबल सलमान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *