प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की म्यूल टास्क फोर्स की ओर से घोड़ा-खच्चर संचालकों और हॉकर्स की निरंतर निगरानी की जा रही है। टीम की ओर से संचालकों के पहचान पत्र एवं लाइसेंस की लगातार जांच की जा रही है। घोड़ा-खच्चर संचालकों को निर्धारित रूट पर ही घोड़ा-खच्चर संचालित करने और यात्रा से संबंधित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही घोड़ा-खच्चर के माध्यम से यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से संचालकों के व्यवहार एवं सेवाओं को लेकर फीडबैक भी लिया जा रहा है ताकि यात्रा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा एवं बेहतर यात्रा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
