Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सड़क बिजली पेयजल मुआवजा सहित विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं। सीडीओ ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विकासखंड चम्बा के ग्राम क्यारी मखलोगी निवासी भोला दत्त बिजल्वाण ने गांव में भालू का खतरा होने सौर ऊर्जा की लाइट लगाने तथा 70 मीटर क्षतिग्रस्त पैदल रास्ते की मरम्मत कराने की मांग की। इस पर वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड थौलधार के ग्राम कण्डीसौड़ निवासी ममता देवी ने पेंशन एवं रोजगार दिलाने तथा घर के आंगन में स्थापित विद्युत पोल को हटाने की मांग की। इस पर जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर विधवा पेंशन लगाने और समूह से जोड़ने तथा विद्युत विभाग को विद्युत पोल की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए। चम्बा की ग्राम गुल्डी निवासी पिंकी देवी ने अपने राशन कार्ड और गैस कनेक्शन को ससुराल पक्ष से अलग कराने की मांग की। इस पर पूर्ति विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रतापनगढ़ निवासी लक्ष्मी प्रसाद ने रावत गांव के विद्यालय का रास्ता आपदा में क्षतिग्रस्त होने से छात्रों को आवागमन में हो रही परेशानी की शिकायत की। इस पर शिक्षा विभाग को प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड थौलधार के ग्राम क्यूलागी निवासी धूरत सिंह सजवाण ने ठांगधार-कौड़िया-इक्को पार्क कौड़िया रोड पर पूर्व की भांति पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की मांग की। इस पर वन विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड थौलधार के ग्राम महरगांव निवासी रघुवीर सिंह कठैत ने आराकोट-वॉल्काखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण तथा बड़े-बड़े बोल्डरों से मकानों को खतरा होने और पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। इस पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चम्बा को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान सीडीओ ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता एवं समयबद्धता से निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ राम प्रकाश सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *