Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त गढ़वाल मंडल रुद्रप्रयाग आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में जनसुविधाओं के विस्तार यात्री सुविधाओं तथा अवस्थापना विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही केदारनाथ विकास प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न स्थानों पर 50 स्ट्रीट लाइटें स्थापित किए जाने तथा यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए 50 बेंच लगाए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इसके साथ ही महिला तीर्थयात्रियों एवं स्थानीय महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो आधुनिक पिंक टॉयलेट के निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जनपद के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक सिटी पार्क अथवा खेल मैदान विकसित किए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इसके लिए प्रति परियोजना अनुमानित लागत के संबंध में भी चर्चा की गई। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु आवश्यक सामग्री क्रय अथवा किराये पर लिए जाने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर सड़क की सीमा से 50 मीटर तक के क्षेत्र को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के क्षेत्राधिकार में सम्मिलित किए जाने हेतु शासन को आवश्यक प्रस्ताव प्रेषित किए जाने संबंधी विषय पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए पीआरडी के माध्यम से एक डाटा एंट्री ऑपरेटर की सेवाएं लिए जाने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों में गुणवत्ता पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ जनपद में आने वाले तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत अधिशासी अभियंता जल निगम रमाकांत गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *