प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पन्ती पम्प हाउस नारायणबगड़ में हुई चोरी की घटना का थराली पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में घटना के शीघ्र एवं सफल अनावरण के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार भारती ने किया। चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी माध्यमों का भी सहारा लिया। टीम ने थाना क्षेत्र के साथ ही जनपद और गैर जनपद के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों और आवाजाही की जानकारी जुटाने के लिए उनकी सीडीआर का विश्लेषण भी किया गया। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों और जांच के दौरान मिले सुरागों को आपस में जोड़ते हुए पुलिस चोरी की घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंची। टीम ने 4 अक्टूबर 2026 को तीन आरोपियों को कोतवाली श्रीनगर गढ़वाल से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सहादत पुत्र नफीस निवासी नल्हेड़ा गाजी थाना गागलहेड़ी जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश मोबिन पुत्र फुरकान निवासी नल्हेड़ा गाजी थाना गागलहेड़ी जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश तथा सूरज सिंह पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम दरमोला थाना एवं जिला रुद्रप्रयाग शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पन्ती पम्प हाउस नारायणबगड़ से स्टार्टर पैनल एक्सटेंशन बोर्ड और तार चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जनपद चमोली के कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत लंगासू में भी चोरी की घटना को अंजाम देना बताया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी किया गया सामान बेच दिया था। पूछताछ के आधार पर पुलिस उनकी अन्य आपराधिक गतिविधियों और पूर्व की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। थराली पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार भारती अपर उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह कांस्टेबल दीपक नेगी और कांस्टेबल रोहित राणा शामिल रहे।
