Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने हेमकुंड साहिब और घांघरिया पहुंचकर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा के दौरान आ रही परेशानियों सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस-प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा बलों के जवानों की समस्याएं सुनीं और उनका उत्साहवर्धन किया। सिख धर्म की आस्था के प्रमुख केंद्र हेमकुंड साहिब की यात्रा कठिन पहाड़ी मार्गों और बदलते मौसम के बीच संपन्न होती है। यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार हेमकुंड साहिब पहुंचे और यात्रा मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी चमोली ने गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा जनपद में सुख-समृद्धि शांति और जनपदवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की। इस दौरान गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पौराणिक लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मुख्य पुजारी आचार्य मनीष से मंदिर और यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। एसपी ने गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गुरुद्वारा परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद के दौरान एसपी ने यात्रा के दौरान आने वाली परेशानियों सुरक्षा व्यवस्था तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधितों को निर्देश दिए। इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक ने चौकी घांघरिया का निरीक्षण कर सुरक्षा और यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चौकी कार्यालय बैरक मैस और परिसर का गहन निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को परखा। चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा बलों के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं तथा दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही चौकी में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। इसके बाद पुलिसकर्मियों होमगार्ड पीआरडी और एसडीआरएफ जवानों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों के संबंध में जवानों से सीधे जानकारी प्राप्त की। 10 अक्टूबर को हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने और संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को पहले से आवश्यक सुरक्षा तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौकी घांघरिया में तैनात जवानों को उपहार भी वितरित किए। एसडीआरएफ टीम से संवाद के दौरान एसपी चमोली ने आपदा राहत-बचाव उपकरणों और तैयारियों की जानकारी ली। पर्वतीय क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने जवानों को हर परिस्थिति में सतर्क रहने किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने तथा सभी संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने चौकी में तैनात जवानों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का स्वयं जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने विषम भौगोलिक परिस्थितियों और कठिन पैदल मार्ग पर पूरी तत्परता से ड्यूटी निभा रहे जवानों के साथ बैठकर रात्रि भोजन किया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी कर रहे जवानों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और मनोबल बढ़ाया। इस दौरान ईको विकास समिति के अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह चौहान से भेंट कर यात्रा मार्ग पर संचालित घोड़ा-खच्चरों और सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। एसपी चमोली ने गोविंदघाट और घांघरिया में पवन हंस के अधिकारियों से भी हेली सेवा के संचालन और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश से भी भेंट हुई। इस वर्ष हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। यात्रा के प्रारंभ से ही पुलिस अधीक्षक चमोली के नेतृत्व में चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा और यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी प्रबंध किए गए। इसके परिणामस्वरूप कपाट खुलने के बाद से अब तक देश-विदेश से 3 लाख 65 हजार श्रद्धालु कठिन पहाड़ी मार्ग की चुनौतियों को पार करते हुए हेमकुंड साहिब पहुंचकर पवित्र गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक चुके हैं। यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा और यात्रा व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। इस अवसर पर गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *