प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री देवभूमि बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में चमोली पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और नशीले पदार्थों की खेती के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसओजी चमोली चौकी देवाल समाज कल्याण विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रामपुर और तोरती क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 90 नाली भूमि पर की जा रही अवैध भांग की खेती को चिन्हित कर मौके पर ही नष्ट किया। इस कार्रवाई के साथ ही चमोली पुलिस द्वारा अभियान के तहत अब तक कुल 160 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट की जा चुकी है। कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने आसपास के क्षेत्रों में भी गहन निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से बताया कि अवैध रूप से भांग की खेती करना कानूनन अपराध है और इस प्रकार की गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम ने ग्रामीणों को भांग के सेवन और इसके अवैध उत्पादन से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी। साथ ही नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने और अपने आसपास प्राकृतिक रूप से उगी जंगली भांग को भी सामूहिक प्रयास से नष्ट करने के लिए प्रेरित किया गया। क्षेत्र के युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की गई। चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार और नशे की खेती के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। देवभूमि को नशामुक्त बनाने के अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
