प्रदीप कुमार
खिर्सू/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर क्षेत्र के स्थानीय विधायक एवं उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने राजकीय महाविद्यालय खिर्सू के निर्माणाधीन भवन एवं छात्रावास का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। इसके बाद राजकीय महाविद्यालय खिर्सू में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में डॉ धन सिंह रावत ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के नए सफर के लिए शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए अनुशासन परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। निर्माणाधीन भवन एवं छात्रावास के पूर्ण होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा खिर्सू में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भी डॉ.धन सिंह रावत ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में युवा साथियों से संवाद कर उनके विचारों सुझावों एवं आकांक्षाओं को सुना गया। युवाओं की ऊर्जा प्रतिभा और सामर्थ्य को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने को लेकर भी सार्थक चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि युवाशक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को अवसर नवाचार कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम में युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता को राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया गया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संपत सिंह रावत मंडल अध्यक्ष मीना गैरोला प्रमुख खिर्सू अनिल भंडारी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष गणेश नेगी संदीप रावत सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
