Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर। श्रीनगर शहर के मध्य स्थित जीएनटीआई मैदान को बहुउद्देशीय एवं आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू हो गई है। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने बुधवार देर शाम जीएनटीआई मैदान का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने रेलवे विभाग के अधिकारियों उप जिलाधिकारी तहसीलदार पटवारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मैदान के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि जीएनटीआई मैदान श्रीनगरवासियों की हृदयस्थली है। शहर के मध्य स्थित होने के कारण इसका ऐतिहासिक एवं सामाजिक महत्व भी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में इसी मैदान में बैकुंठ चतुर्दशी का मेला आयोजित होता था। इसके साथ ही यहां फुटबॉल क्रिकेट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती रही हैं और क्षेत्र के युवाओं एवं खेल प्रेमियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों एवं खेल प्रेमियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए जीएनटीआई मैदान को पुनः खेल गतिविधियों के लिए विकसित करने की दिशा में इसे खेल प्रेमियों को सौंपने की कवायद शुरू कर दी गई है। मैदान को इस प्रकार विकसित किया जाएगा कि यहां बैडमिंटन कोर्ट फुटबॉल मैदान बास्केटबॉल कोर्ट क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मैदान में राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों एवं बैकुंठ चतुर्दशी मेले जैसे कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग गेट बनाए जाएंगे। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों एवं आम लोगों के लिए पैदल घूमने और टहलने की सुविधा भी विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जीएनटीआई मैदान को श्रीनगर की पहचान से जोड़ते हुए ऐतिहासिक एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इसके लिए खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों से भी सुझाव लिए जाएंगे ताकि उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप मैदान का बेहतर विकास किया जा सके। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा तहसीलदार दीपक पटवारी रेलवे विभाग के पैकेज छह के परियोजना निदेशक पीयूष पंत लाइजनिंग ऑफिसर विनोद बिष्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के बच्चों को बांटे कंबल डॉ.धन सिंह रावत ने बुधवार देर शाम ही सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय पहुंचकर वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से मुलाकात की तथा उन्हें कंबल वितरित किए। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई रहने एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं विद्यालय में तैनात शिक्षकों को निर्देश दिए कि आवासीय विद्यालय में रह रहे बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ बेहतर वातावरण आवश्यक सुविधाएं एवं सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।डॉ.रावत ने शिक्षा विभाग के बीओ अश्विनी कुमार एवं विद्यालय में शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।रामलीला मैदान को मिलेगा भव्य स्वरूप डॉ.धन सिंह रावत ने गुरुवार प्रातः श्रीनगर के रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान का सामाजिक आर्थिक सांस्कृतिक एवं धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इसे ध्यान में रखते हुए मैदान का व्यापक स्तर पर सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में भव्य मंच सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी जिससे यहां धार्मिक सांस्कृतिक सामाजिक एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम बेहतर ढंग से आयोजित किए जा सकें। मैदान को आकर्षक एवं उपयोगी स्वरूप प्रदान करने के लिए संबंधित लोगों एवं रामलीला समिति से भी सुझाव लिए जाएंगे। इस अवसर पर तहसीलदार दीपक रामलीला समिति के अध्यक्ष शंकरमणि मिश्रा पूर्व अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट संजय गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर के ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। जीएनटीआई मैदान रामलीला मैदान तथा सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय से जुड़े विकास कार्यों से जहां शहर में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं युवा पीढ़ी एवं विद्यार्थियों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *