प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में थाना छाम पुलिस द्वारा 08 अक्टूबर 2026 को एसएम पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के साथ जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध साइबर सुरक्षा महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। गोष्ठी के दौरान थाना छाम पुलिस ने बच्चों को वर्तमान में बढ़ रहे एआई वॉइस क्लोनिंग और वॉइस फ्रॉड के बारे में विस्तार से जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि आजकल ठग एआई की मदद से माता-पिता या रिश्तेदार की आवाज की हूबहू नकल करके फोन कर सकते हैं और आपात स्थिति बताकर तत्काल पैसे भेजने के लिए कह सकते हैं। ऐसे किसी अनजान नंबर से माता-पिता या रिश्तेदार की आवाज में पैसे मांगे जाने पर तुरंत पैसे नहीं भेजने और पहले वीडियो कॉल के माध्यम से पुष्टि करने की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को अपना आधार विवरण बैंक ओटीपी यूपीआई पिन किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही अनजान लिंक लॉटरी केबीसी और नौकरी के नाम पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने या साइबर अपराध की वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने हरिद्वार पुलिस के इस जागरूकता अभियान की सराहना की। बच्चों ने भी साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक और सतर्क रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में थाना छाम पुलिस टीम से उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता सहायक उपनिरीक्षक ललित मोहन और कांस्टेबल प्रलव चौहान मौजूद रहे।
