प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में थाना छाम पुलिस द्वारा 07 अक्टूबर 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज बांडा में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध साइबर सुरक्षा महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान छाम पुलिस ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्हें सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा ओटीपी पिन सीवीवी पासवर्ड एवं बैंकिंग से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आत्मरक्षा विशेषज्ञ द्वारा छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों एवं सुरक्षा के गुर सिखाए गए। विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने तथा आपात स्थिति में सूझबूझ के साथ कार्य करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अतिरिक्त छात्राओं को गौरा शक्ति एवं महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन और सुविधाओं की जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा विषय पर प्रश्नपत्र वितरित कर उनकी जानकारी एवं समझ का आकलन किया गया तथा फीडबैक लिया गया। प्रश्नपत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। थाना छाम पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सुरक्षित रहें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करें।
