प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत साइबर जागरूक उत्तराखंड सुरक्षित डिजिटल उत्तराखंड थीम के तहत टिहरी गढ़वाल पुलिस का साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में आई4सी गृह मंत्रालय भारत सरकार की पहल एवं पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देशानुसार आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज पोखरी क्वीली एवं राजकीय इंटर कॉलेज डाबरखाल पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी। वहीं पुलिस चौकी गजा की ओर से ग्राम दुआकोटी में साइबर जागरूकता चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए बैंक फ्रॉड फर्जी कॉल ओटीपी फ्रॉड सोशल मीडिया फ्रॉड तथा व्हाट्सऐप फेसबुक और इंस्टाग्राम के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूक किया। इस दौरान पुलिस ने बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी पिन पासवर्ड अथवा बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक संदिग्ध वेबसाइट एपीके फाइल अथवा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए संदेश पर क्लिक न करें। सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी फोटो एवं अन्य संवेदनशील विवरण साझा करते समय सावधानी बरतें तथा अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदेशों से सतर्क रहें। पुलिस ने लोगों से किसी भी फ्रॉड कॉल संदेश या ऑनलाइन ऑफर के बहकावे में नहीं आने तथा बिना सत्यापन के कोई ऑनलाइन लेनदेन नहीं करने की अपील की। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश अपने मित्रों परिजनों रिश्तेदारों एवं ग्रामवासियों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों एवं मादक पदार्थों से दूर रहने के संबंध में भी जागरूक किया गया। उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता और सावधानी बरतें। साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं इसलिए जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
