प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सेवा और मानवता का निरंतर उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। इसी क्रम में केदारनाथ धाम में तैनात जनपद की महिला फायरमैन प्रियंका और अमिता ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए चलने-फिरने में असमर्थ एक महिला तीर्थयात्री को बाबा केदारनाथ के दर्शन कराने में महत्वपूर्ण सहयोग किया। 8 अक्टूबर को केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंची एक महिला श्रद्धालु का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था। इसके कारण वह चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ थीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शारीरिक परेशानी के चलते उनके लिए मुख्य मंदिर तक पहुंच पाना बेहद कठिन हो रहा था। ड्यूटी पर तैनात महिला फायरमैन प्रियंका और अमिता ने जब महिला श्रद्धालु की परेशानी देखी तो तुरंत उनकी मदद के लिए आगे आईं। दोनों महिला कर्मियों ने श्रद्धालु को अपने हाथों का सहारा दिया और अत्यंत आत्मीयता एवं सुरक्षा के साथ उन्हें मुख्य मंदिर प्रांगण तक पहुंचाकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कराए। दर्शन करने के बाद महिला श्रद्धालु और उनके पति ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के कारण चलना संभव नहीं था लेकिन दोनों महिला कर्मियों ने जिस अपनेपन से सहारा देकर दर्शन कराए वह अत्यंत सराहनीय है। पुलिस के इस मानवीय सहयोग के बिना दर्शन कर पाना संभव नहीं था। रुद्रप्रयाग पुलिस अपने सेवा भाव और मित्रता सेवा एवं सुरक्षा के संकल्प के साथ चारधाम यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा के लिए सदैव तत्पर है।
