Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। 8 अक्टूबर को कुमारी सुदीपा मंडल पुत्री विद्युत मंडल उम्र 15 वर्ष निवासी उत्तर नौपाड़ा हावड़ा पश्चिम बंगाल अपने परिवारजनों के साथ श्री केदारनाथ धाम पहुंची थी। इसी दौरान वह श्री केदारनाथ धाम कमर्शियल हेलीपैड के पास से परिजनों से बिछड़ गई। परिजनों ने बालिका को अपने स्तर से तलाश किया। नीचे आते समय बालिका के लापता होने की सूचना चौकी लिंचोली पुलिस को दी गई। चौकी लिंचोली पुलिस ने भी बालिका की तलाश शुरू की और चौकी भीमबली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी भीमबली पुलिस ने अपने क्षेत्र में बालिका की तलाश और चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान श्री केदारनाथ धाम से अकेले नीचे की ओर आ रही एक बालिका को फोटो के माध्यम से पहचान लिया गया। पुलिस ने बालिका को सुरक्षित रूप से चौकी भीमबली पहुंचाया। पुलिस ने बालिका के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण तत्काल संपर्क नहीं हो सका। करीब तीन घंटे बाद श्री केदारनाथ धाम की ओर से बालिका के परिजन चौकी भीमबली पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक सत्यापन के बाद बालिका को उसके चाचा आनंद मंडल निवासी उपरोक्त की सुपुर्दगी में सकुशल सौंप दिया। बालिका को सकुशल पाकर परिजनों ने रुद्रप्रयाग पुलिस का आभार व्यक्त किया। इसके बाद परिजन बालिका के साथ अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *