प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद हरिद्वार में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम में बदलाव आने के कारण कई क्षेत्रों में आंधी तूफान और ओलावृष्टि से नुकसान होने की सूचना मिली है। इस पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही कई स्थानों पर पेड़ गिरने से भवनों और सड़क मार्गों पर भी असर पड़ा है। कुछ स्थानों पर आवागमन बाधित होने की स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आंधी तूफान के कारण जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हुए हैं वहां प्राथमिकता के आधार पर पेड़ों को हटवाकर यातायात और आवाजाही सुचारू कराई जाए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त भवनों और अन्य प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर नुकसान की स्थिति का आकलन किया जाए। आवश्यकतानुसार सुरक्षा और बचाव संबंधी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओलावृष्टि और तेज आंधी के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का गंभीरता से आकलन किया जाए। प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की क्षति का सर्वेक्षण कर नियमानुसार रिपोर्ट तैयार की जाए ताकि पात्र प्रभावित किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा और राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि फसलों को हुए नुकसान के आकलन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
