प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुक्रवार को नगर पालिका परिषद मंगलौर में सेवा संकल्प अभियान जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार के अंतर्गत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 520 नागरिकों ने प्रतिभाग कर लाभ उठाया। इस दौरान 210 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया और 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर क्षेत्रवासियों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई। शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ अपने क्षेत्र में ही मिल सके। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी प्रयास किया जा रहा है। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं और आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें ताकि आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा। शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को भेजी गईं। इसके अलावा नौ लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और 210 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ मधु सिंह नगर पालिका परिषद मंगलौर के अध्यक्ष मोहयुद्दीन मंडल अध्यक्ष शोभित गुप्ता सभासद कलीम सभासद विपिन जैन सहसंयोजक जमीर हसन अंसारी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
