प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी नवरात्र और त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार 9 अक्टूबर 2026 को नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मैगी चाउमीन नूडल्स कुट्टू का आटा अचार और खाद्य तेल सहित कुल पांच विधिक नमूने जांच के लिए एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए। सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम हरिद्वार कैलाश चंद्र टम्टा ने भूपतवाला और भीमगोड़ा क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान भूपतवाला स्थित जय गंगा ट्रेडर्स से चाउमीन नूडल्स का नमूना लिया गया जो मिथ्या छाप पाया गया। जांच के दौरान उक्त नूडल्स का निर्माण मैसर्स राजू फूड्स मोहल्ला पांवधोई ज्वालापुर हरिद्वार द्वारा किया जाना पाया गया। इस संबंध में निर्माता फर्म राजू फूड्स को नोटिस जारी किया गया है। इसी क्रम में भीमगोड़ा हरिद्वार स्थित एक प्रतिष्ठान से डबल कंप्यूटर ब्रांड एडिबल वेजिटेबल ऑयल का नमूना जांच के लिए एकत्र किया गया जो मिथ्या छाप पाया गया। उक्त खाद्य तेल का निर्माण और पैकेजिंग करने वाली फर्म श्री नैना इंडस्ट्रीज औद्योगिक क्षेत्र बहादराबाद हरिद्वार को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत संबंधित प्रावधानों के तहत नोटिस भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत मिथ्या छाप खाद्य सामग्री के मामले में अधिकतम तीन लाख रुपये तक के अर्थदंड का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने भूपतवाला स्थित होटलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान होटल संचालकों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने यात्रियों को ताजा भोजन परोसने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि आगामी नवरात्र और त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।
