प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में मंगलौर कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक मामले में शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। ग्राम उदलहेड़ी में हुई चोरी के जेवरात बेचने के बजाय दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखकर ऋण लिया गया था। पुलिस ने आरोपी राहुल की निशानदेही पर गोल्ड लोन शाखा से चोरी के शेष जेवरात बरामद कर लिए हैं। इस मामले में कुल 2 लाख 51 हजार 200 रुपये का गोल्ड लोन लिया गया था। कोतवाली मंगलौर में दर्ज चोरी के मामले में आरोपी को 3 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया गया था। हिरासत के दौरान उसके कब्जे से चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ था। पूछताछ में आरोपी राहुल ने बताया कि चोरी के शेष सोने के जेवरात दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखे गए हैं। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने चोरी के सोने के जेवरात बेचने के बजाय उन्हें गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर धनराशि प्राप्त की थी। जानकारी के अनुसार 7 अगस्त 2026 को उक्त शाखा में चोरी के जेवरात गिरवी रखकर 2 लाख 51 हजार 200 रुपये का ऋण लिया गया था। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने आरोपी राहुल की अभिरक्षा का रिमांड प्राप्त किया और उसकी निशानदेही पर दिल्ली पहुंचकर भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा से चोरी के शेष जेवरात बरामद किए। शाखा से प्राप्त अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार बरामदगी की कार्रवाई की गई। इस तरह पुलिस ने चोरी के मामले में शेष जेवरात बरामद कर चोरी के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की। बरामद जेवरात में पीली धातु की दो अंगूठियां पीली धातु के दो जोड़ी कानों के कुंडल पीली धातु की एक नथ पीली धातु का एक मांग टीका और पीली धातु की एक चेन शामिल है। चोरी का पूरा माल बरामद होने पर वादी ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के विरुद्ध हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सूरत शर्मा कांस्टेबल तेजपाल कांस्टेबल किशन देव राणा और होमगार्ड सचिन कुमार शामिल रहे।
