प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने चोरी और लूट की योजना बना रहे चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध चाकू एक प्लास एक पेचकश और दो लोहे के सरिये बरामद किए हैं। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से संभावित आपराधिक वारदात को समय रहते रोक लिया गया। आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार 8 और 9 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि चौकी कालीनदी क्षेत्र की पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बढ़ेडी बुजुर्ग रोड स्थित खंडहरनुमा सरदारों के डेरे में कुछ लोग लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चार आरोपितों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध चाकू और चोरी करने में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों ने राहगीरों को चाकू दिखाकर लूटने और ऐसा अवसर नहीं मिलने पर फैक्ट्रियों में चोरी करने की योजना बनाए जाने की बात बताई। पुलिस की तत्परता से संभावित वारदात को अंजाम देने से पहले ही चारों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोईन पुत्र इमरान और आदिल पुत्र दिलदार निवासी ग्राम चौल्ली शाहबुद्दीनपुर कोतवाली भगवानपुर हरिद्वार के रूप में हुई है। तीसरे आरोपित की पहचान हुसैन पुत्र शकील निवासी ग्राम मक्खनपुर के रूप में हुई है। चौथे आरोपित की पहचान निशान्त पुत्र प्रेमपाल निवासी ग्राम बैसानी थाना पुरकाजी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है जो वर्तमान में ग्राम रायपुर कोतवाली भगवानपुर हरिद्वार में रह रहा था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध चाकू एक प्लास एक पेचकश और दो लोहे के सरिये बरामद किए हैं। सभी आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव चौहान हेड कांस्टेबल संजीव यादव कांस्टेबल गोविन्द सिंह और कांस्टेबल रमेश चौहान शामिल रहे।
