प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक नगर दीपक सिंह ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोतवाली ज्वालापुर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान भी मौजूद रहे। सेरेमोनियल गार्द द्वारा सलामी दिए जाने के बाद निरीक्षण की औपचारिक शुरुआत की गई। एसपी सिटी ने थाना परिसर और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई कार्यालय व्यवस्था अभिलेखों तथा पुलिस के साजो-सामान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर के कार्यालय मैस मालखाना हवालात बैरक और शस्त्रागार का जायजा लिया गया। एसपी सिटी ने शस्त्रों और अन्य साजो-सामान को साफ-सुथरा रखने के साथ ही हर समय तैयार हालत में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना कार्यालय में रखे अपराध रजिस्टर मालखाना रजिस्टर त्योहार रजिस्टर ग्राम अपराध रजिस्टर तथा बीट से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी रजिस्टरों एवं अभिलेखों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। एसपी सिटी दीपक सिंह ने थाना क्षेत्र में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने और वांछित तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने और बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों के मद्देनजर पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच करने को कहा गया। आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग के साथ कार्य करने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए।
