प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी के कोटी कॉलोनी में भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग द्वारा आयोजित तीसरे वाटर स्कीइंग कोर्स का विधिवत समापन किया गया। पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के प्रमुख संस्थानों में शामिल भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान के इस कोर्स में देशभर से 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 21 लड़के और पांच लड़कियां शामिल थीं। कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 22 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और ट्रॉफियां वितरित की गईं। संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा एसएम वीएसएम एमआईडी ने सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और ट्रॉफियां प्रदान कीं। इस वर्ष संस्थान की ओर से कुल तीन वाटर स्कीइंग कोर्स आयोजित किए गए थे। कोटी कॉलोनी में आयोजित यह तीसरा और अंतिम कोर्स था। कोर्स का आयोजन बेसिक इंटरमीडिएट और एडवांस तीनों स्तरों के लिए किया गया था। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह के अवसर पर प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा ने सफल प्रतिभागियों को बधाई दी और उन्हें भविष्य में साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग देश में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। समापन समारोह में कोर्स इंचार्ज प्रवीन सिंह रांगर के साथ अरविन्द राट्टूरी शवीर भट्ट और खलील उपस्थित रहे। प्रतिभागियों में दिल्ली से देवांश यश श्रीजन और बरखा राजस्थान से राहुल गजेंद्र और प्रशांत मध्य प्रदेश से सहजल प्रतीक और अंबिकेश महाराष्ट्र से राहिल कर्नाटक से कृष्ण हिमाचल प्रदेश से पंकज हरियाणा से हिमांशु मलकीत और विक्रम तथा जम्मू-कश्मीर से राही और सलीम सहित अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।
