Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। धनोल्टी के निकट बुरांशखंडा स्थित व्यू पॉइंट से पर्यटक का बैग चोरी करने के मामले में थत्यूड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 10 घंटे के भीतर अभियुक्त को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी किए गए करीब 90 हजार रुपये मूल्य के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया। दिनांक 8 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना थत्यूड़ में तहरीर देकर बताया कि धनोल्टी के निकट बुरांशखंडा स्थित व्यू पॉइंट से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका बैग चोरी कर लिया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर अभियुक्त की गिरफ्तारी और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए त्वरित कार्रवाई की और मामला दर्ज होने के मात्र 10 घंटे के भीतर 8 अक्टूबर 2026 को अभियुक्त को गाजियाबाद उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया। बरामद सामान में मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं जिनकी कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साजन अग्रवाल उम्र 32 वर्ष पुत्र शरद अग्रवाल निवासी गली नंबर एक गगन विहार भोपुरा थाना टीला मोड़ गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार हेड कांस्टेबल नागरिक पुलिस कुलदीप कुमार और हेड कांस्टेबल चेतन सिंह शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *