प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के सांसद पर कॉलेज में छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपों को लेकर कांग्रेस पार्टी पर सवाल उठाए गए। प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने सांसदों के व्यवहार को लेकर दोहरा चरित्र अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार अपने दोहरे चरित्र के माध्यम से समाज और देश में भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी राजनीतिक मुद्दों पर बात नहीं करते हैं क्योंकि उनके पास वर्तमान समय में कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। वहीं जब उनकी ही पार्टी के सांसद छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं तो वह चुप्पी साध लेते हैं। रुचि भट्ट ने कहा कि इस तरह के व्यवहार की देश की जनता और महिलाएं कड़ी निंदा करती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की महिला कार्यकर्ता राहुल गांधी से सवाल पूछती हैं कि क्या उनके सांसद इसी प्रकार के आचरण के साथ समाज में आगे बढ़ते हैं। प्रदर्शन में प्रदेश प्रवक्ता कमली भट्ट लक्ष्मी अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष भावना डोभाल महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन सिंह प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन महानगर संगठन मीडिया प्रभारी माया राणा मंडल अध्यक्ष सुनीता भट्ट रानी बबली चौहान अंजु गोयल अनीता सक्सेना ममता नयाल और पुष्पा बटवाल सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
