Spread the love

लखपति दीदी योजना को मिले गति अधूरे कार्य शीघ्र पूरे हों : मुख्य विकास अधिकारी

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने शुक्रवार को विकास भवन कार्यालय कक्ष में एनआरएलएम,ग्रामोत्थान परियोजना एवं उत्तराखंड प्रवासियों द्वारा गोद लिए गए गांवों में हुए कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि अधूरे कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। साथ ही चेतावनी दी कि जिन ब्लॉकों में प्रगति कम पायी जाएगी,उनकी जिम्मेदारी तय की जायेगी।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रवासियों द्वारा गोद लिये गये गांवों में शिक्षा,स्वास्थ्य,कृषि व पर्यटन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष कार्य किये जाने हैं। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि ग्रामीणों के साथ बैठक कर गांव की मूलभूत जरूरतों की सूची तैयार करें और उसे संबंधित प्रवासियों को उपलब्ध कराएं ताकि समय पर कार्यों को किया जा सकेगा। यमकेश्वर के द्यूली गांव में प्रवासी रवि जुगराण द्वारा गरीब छात्रों को छात्रवृत्ति दिये जाने की पहल शुरु हो गयी है।बैठक में एनआरएलएम की समीक्षा करते हुये सीडीओ ने लखपति दीदी योजना के तहत अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने के निर्देश दिये। बताया गया कि जिले में 18,960 लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है,जिसके सापेक्ष अब तक 17,087 महिलाओं का चयन हो चुका है। बीते तीन वर्षों में 12,771 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी चयनित महिलाओं की जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाए और जिन महिलाओं के खाते नहीं खुले हैं,उनके खाते शीघ्र खुलवाए जाएं।बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में अब तक 7275 स्वयं सहायता समूह बनाये जा चुके हैं,जिनमें से 45 समूहों के बैंक खाते खोले गये हैं। सीडीओ ने समूह की महिलाओं को पीएम सुरक्षा बीमा योजना,पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना,अटल पेंशन योजना और आयुष्मान योजना से जोड़ने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी कहा कि 3350 समूहों को विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृत एवं वितरित किये जाने का लक्ष्य है,जिसे समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए ताकि महिलाएं स्वरोजगार की ओर बढ़ सकें।ग्रामोत्थान परियोजना की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने निर्देश दिये कि जिन योजनाओं में लाभार्थियों का चयन अभी नहीं हुआ है, उन्हें 30 जून तक चयनित किया जाए। साथ ही ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें मुर्गी पालन,बकरी पालन,मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी योजनाओं की जानकारी दें,जिससे स्थानीय लोगों को आजीविका के साधन मिल सकें।बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा,जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी,ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp