Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के नालापानी स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वास्थ्य मंत्री एवं देहरादून जनपद के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल तथा विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रतिभाग किया। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर दिया गया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वास्थ्य शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने आमजन को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। स्वास्थ्य शिविर में 44 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य जांच कराने का अवसर मिल रहा है। शिविर में कृषि विभाग की ओर से लाभार्थियों को कृषि यंत्र और मशरूम मिनीकिट वितरित की गईं। बाल विकास विभाग के माध्यम से महालक्ष्मी किट और किशोरी किट प्रदान की गईं। वहीं श्रम विभाग की ओर से 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को पोषण किट स्वच्छता किट और शिक्षा किट उपलब्ध कराई गईं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों को सरकार की योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे बहुउद्देशीय शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करें और कृषि श्रम बाल विकास स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार लाभ उठाएं। शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को जनता के नजदीक उपलब्ध कराना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *