प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आईं बरेली निवासी 70 वर्षीय रजनी देवी पत्नी ओमप्रकाश मंदिर परिसर में अपने परिजनों से बिछड़ गईं। धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच बुजुर्ग महिला के बिछड़ने से परिजन परेशान हो गए। काफी तलाश करने के बाद भी जब महिला का पता नहीं चला तो परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग महिला की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करते हुए महिला को ढूंढने के लिए हरसंभव प्रयास किए। आस्था के इस पावन धाम में अपनों से बिछड़ी बुजुर्ग महिला को उनके परिवार से मिलाना पुलिस की प्राथमिकता बन गया। पुलिस जवानों के अथक प्रयासों के बाद काफी देर तक तलाश करने पर महिला श्रद्धालु को सकुशल ढूंढ लिया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बुजुर्ग महिला के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और चमोली पुलिस की तत्परता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
