जिलाधिकारी की अपील-वर्षा ऋतु में केदारनाथ यात्रा के दौरान बरतें सतर्कता
प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने केदारनाथ यात्रा पर आ रहे समस्त श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए अत्यंत सतर्कता एवं सावधानी के साथ यात्रा करें।उन्होंने कहा कि पर्वतीय मार्गों पर फिसलन,भूस्खलन और पत्थर गिरने की संभावनाएं बनी रहती हैं,अतः सभी यात्री प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय–समय पर जारी की जा रही एडवाइजरी का पालन करें।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सभी यात्रियों से अपील की कि वे अपने वाहनों की गति धीमी रखें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सभी वाहन चालकों को पर्याप्त विश्राम के उपरांत ही यात्रा आगे बढ़ानी चाहिए,जिससे दुर्घटनाओं की संभावनाएं न्यूनतम की जा सकें।उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए है कि संवेदनशील स्थलों पर क्रश बैरियर्स,चेतावनी बोर्ड, पैराफिट्स,बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,ताकि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
